भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, सीनियर बैटर विराट कोहली, विकेटकीपर ऋषभ पंत और ओपनर शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी खेलते नजर आ सकते हैं। ये सभी रणजी ट्रॉफी 2024-25 के दूसरे चरण में अपनी टीमों का हिस्सा हो सकते हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई के साथ अभ्यास करते दिखे हैं, जबकि विराट कोहली, ऋषभ पंत और हर्षित राणा को दिल्ली के रणजी संभावितों में शामिल किया गया है। साथ ही शुभमन गिल के पंजाब रणजी टीम से खेलते नजर आएंगे। रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन के दूसरे चरण के मुकाबले 23 जनवरी से शुरू हो रहे हैं। फाइनल मुकाबला 26 फरवरी से खेला जाएगा। रोहित की प्रैक्टिस के फोटो… गिल पंजाब की टीम के लिए उपलब्ध
क्रिकइंफो ने लिखा है कि शुभमन गिल ने खुद को पंजाब की रणजी टीम के लिए उपलब्ध बताया है, हालांकि अब तक टीम जारी नहीं हुई है। गिल ने आखिरी बार 2022 में रणजी ट्रॉफी खेला था। वे अलूर में मध्यप्रदेश के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में उतरे थे। कोहली-पंत और राणा दिल्ली के रणजी संभावितों की सूची
विराट कोहली, ऋषभ पंत और हर्षित राणा दिल्ली के रणजी संभावितों की सूची में शामिल किए गए हैं, हालांकि DDCA ने लिखा है कि इंटरनेशनल प्लेयर्स का रणजी खेलना उनकी उपलब्धता पर निर्भर करेगा। इस सूची में आयुष बडोनी, यश धुल, अनुज रावत, नवदीप सैनी और रितिक शोकीन जैसे नाम शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों के रणजी खेलने के 3 कारण… 1. रिव्यू मीटिंग डोमेस्टिक खेलना अनिवार्य हुआ
दो दिन पहले BCCI ने मुंबई स्थिति BCCI के हेड क्वार्टर में भारतीय टीम के प्रदर्शन की समीक्षा की। इस दौरान टीम के न्यूजीलैंड के खिलाफ होम सीरीज और ऑस्ट्रेलिया दौरे में प्रदर्शन को रिव्यू किया गया। मीटिंग के दौरान बोर्ड मेंबर्स ने सीनियर खिलाड़ियों के डोमेस्टिक क्रिकेट खेलने पर जोर दिया। साथ ही खिलाड़ियों का रणजी खेलना अनिवार्य किया। 2. हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा- रणजी खेलें सीनियर खिलाड़ी
BGT हारने के बाद भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा था कि भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ियों को अपने बैटिंग स्किल्स सुधारने के लिए समय-समय पर रणजी सहित अन्य डोमेस्टिक खेलने होंगे। 3. न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खराब बल्लेबाजी
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में रोहित शर्मा (31 रन), विराट कोहली (190 रन), ऋषभ पंत (255 रन) और शुभमन गिल (93 रन) ने पिछले कुछ महीने में खराब बल्लेबाजी की। न्यूजीलैंड के खिलाफ भी खिलाड़ियों के बल्ले शांत रहे। मुंबई ने जीता रणजी का पिछला खिताब
रणजी ट्रॉफी का पिछला खिताब अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली मुंबई ने जीता था। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में मुंबई ने विदर्भ को 169 रनों से हराया। मुशीर खान दोहरे प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। उन्होंने 136 रन बनाए थे, साथ ही 2 विकेट भी झटके थे। वहीं, 502 रन बनाने के साथ 29 विकेट लेने वाले तनुष कोटियान प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए थे। ————————————— रणजी से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… रोहित रणजी के प्रैक्टिस सेशन में शामिल हुए भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा मंगलवार को मुंबई रणजी टीम के साथ प्रैक्टिस के लिए वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे। रोहित के प्रैक्टिस सेशन में शामिल होने से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वह रणजी ट्रॉफी 2024-25 के दूसरे लेग में मुंबई की ओर से खेल सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर
कोहली-पंत दिल्ली के रणजी संभावितों में शामिल:रोहित ने मुंबई के साथ प्रैक्टिस की, गिल पंजाब से खेलेंगे; 23 जनवरी से मुकाबले
