1 फरवरी 2025 से 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 7 रुपए तक सस्ता हो गया है। दिल्ली में अब ये 1804 रुपए का मिलेगा। वहीं मारुति सुजुकी ने अपनी गाड़ियों की कीमतें 32,500 रुपए तक बढ़ा दी है। फरवरी महीने में होने वाले 4 बदलाव… 1. कॉमर्शियल सिलेंडर सस्ता : ₹7 रुपए दाम घटे, घरेलू सिलेंडर की कीमतों में बदलाव नहीं
आज से 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर ₹7 रुपए तक सस्ता हो गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 7 रुपए घटकर ₹1797 हो गईं। पहले ये ₹1804 में मिल रहा था। कोलकाता में यह 4 रुपए घटकर ₹1907 में मिल रहा है, पहले इसके दाम ₹1911 थे। मुंबई में सिलेंडर 1756 रुपए से 6.50 रुपए घटकर 1749.50 रुपए हो गया है। चेन्नई में सिलेंडर 1959.50 रुपए पर मिल रहा है। हालांकि, 14.2 KG वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में यह ₹803 और मुंबई में ₹802.50 का मिल रहा है। 2. मारुति की कारें 32,500 रुपए तक महंगी: फ्रोंक्स, इनविक्टो, जिम्नी और ग्रैंड विटारा शामिल
मारुति सुजुकी ने अपने अलग-अलग मॉडलों की कीमतों में 32,500 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। जिन मॉडलों की कीमत में यह बदलाव होगा, इनमें ऑल्टो K10, एस-प्रेसो, सेलेरियो, वैगन आर, स्विफ्ट, डिजायर, ब्रेज़ा, अर्टिगा, इग्निस, बलेनो, सियाज, XL6, फ्रोंक्स, इनविक्टो, जिम्नी और ग्रैंड विटारा शामिल हैं। 3. ATF 5,269 रुपए तक महंगा: हवाई सफर महंगा हो सकता है
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एयर ट्रैफिक फ्यूल (ATF) की कीमतों को बढ़ाया है। इससे हवाई सफर महंगा हो सकता है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में ATF 5078.25 रुपए महंगा होकर 95,533.72 रुपए प्रति किलोलीटर (1000 लीटर) हो गया है। 4. कोटक महिंद्रा बैंक ने सर्विस चार्ज और नियमों में किया बदलाव
कोटक महिंद्रा बैंक ने कुछ चीजों के सर्विस चार्ज में बढ़ोतरी की है।यह बदलाव खास तौर पर 811 सेविंग अकाउंट होल्डर्स पर लागू होगा। कोटक बैंक अपने डेबिट कार्ड धारकों के लिए फ्री ATM ट्रांजेक्शन लिमिट में बदलाव किया है। बैंक ने इस बदलाव की जानकारी अपने ग्राहकों को ईमेल के जरिए दी है। पेट्रोल-डीजल के दाम में बदलाव नहीं: दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपए लीटर
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज यानी 1 फरवरी को भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। फिलहाल दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपए लीटर है, तो डीजल 87.62 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। वहीं, मुंबई में पेट्रोल 103.44 रुपए और डीजल 89.97 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है।